भवाली (नैनीताल)। डीएम वंदना सिंह ने बृहस्पतिवार को भवाली क्षेत्र में सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास, पुल निर्माण, नैनी बैंड-सेनिटोरियम बाईपास और नगर के रोडवेज स्टेशन की पार्किंग, म्यूजियम और मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने विभागीय अधिकारियों से पार्किंग का निर्माण कार्य और बाईपास का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से आगामी पर्यटन सीजन से पहले बाईपास को सुचारु कराने को कहा। बीडीसी सदस्य कमल गोस्वामी ने डीएम को नगारीगांव-तिरछाखेत में जेजेएम योजना का काम नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। डीएम ने अधिकारियों को तीन दिन में काम शुरू कराने को कहा। सभासद मुकेश कुमार ने आपदा से भौनियाधार क्षेत्र में वार्ड के मुख्य मार्ग के टूटने की समस्या बताई। युवाओं ने खेल मैदान में वाहनों की पार्किंग न होने, निर्माण सामग्री हटाने की मांग की। डीएम ने अधिकारियों से समस्या हल करने को कहा। इस दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, ईओ सुधीर कुमार, शिवांशु जोशी, पंकज अद्विति, अखिलेश सेमवाल, खष्टी बिष्ट, दयाल आर्य, राजेंद्र प्रसाद कपिल आदि शामिल रहे।