रामनगर। बीते दिनों एक बुजुर्ग के साथ अभद्रता और मारपीट करने के आरोपी सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया है। वाल्मीकि मोहल्ला खताड़ी निवासी रूपेश कुमार ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उसके दादा ओम प्रकाश जीआईसी इंटर कॉलेज में रात्रि चौकीदारी करते हैं। 22 मार्च की रात वह खाना खाकर अपने स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी बीच खताड़ी चौकी में बैठे पुलिसकर्मियों को नमस्कार किया। इस बीच पुलिसकर्मी अनिल कुमार ने नशे की हालत में गालीगलौज करते हुए उन्हें पीट दिया। आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिसकर्मी ने उनके दादा को जातिसूचक शब्द भी कहे। सीओ सुमित पांडेय ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया है।