नैनीताल। अपर माल रोड और तल्लीताल रिक्शा स्टैंड से कूड़े के डिब्बे हटने के बाद खुले में कूड़ा डाला जा रहा है। स्थानीय प्रतिनिधियों ने आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि डिब्बे न होने से लोग खुले में कूड़ा डाल रहे हैं। इससे बंदर, कुत्ते इकट्ठा हो रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं को परेशानी हो रही है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सेंट्रल होटल माल रोड और रिक्शा स्टैंड पर कूड़े के डिब्बे नहीं लगेंगे। उन्होंने नगर पालिका को खुले में कूड़ा डालने वाली जगहों पर कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कूड़ा उठाने के लिए सुबह नौ बजे और रात को एकतरफा यातायात खत्म होने के बाद गाड़ी लगवाई जाएगी। इसका उद्देश्य है कि लोग सीधे गाड़ी में ही कूड़ा डालें। मुलाकात करने वालों में सभासद पूरन सिंह बिष्ट, गीता उप्रेती, लता, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद पडियार, उमेश भट्ट, संतोष कुमार आदि लोग शामिल थे।