हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक और ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद तीनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी सिटी हरबंस सिंह के अनुसार, घायलों का इलाज चल रहा है। मामले में अब तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा मुखानी से कालू सिद्ध मंदिर की ओर जा रहा था, जबकि बाइक मुखानी की तरफ आ रही थी। मुखानी चौराहे से कुछ दूरी पर दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, तीनों का उपचार जारी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।