नैनीताल शहर से सटे जलालगांव क्षेत्र में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एक शिक्षक पर नौवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। छात्र के कान में तेज दर्द होने पर परिजनों ने उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल में दिखाया जहां जांच में कान में अंदरूनी चोट की बात सामने आई। इस मामले में छात्र के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जलालगांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि 22 अगस्त को विद्यालय में एक शिक्षक ने उनके बेटे को थप्पड़ मारा जिसके बाद से उसके कान में तेज दर्द है। इस कारण वह तीन दिनों से ठीक से सो भी नहीं पाया।
वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बीडी पांडे अस्पताल के चिकित्सकों ने उसके कान में अंदरूनी चोट बताई है। आरोप है कि घटना को लेकर जब उन्होंने संबंधित शिक्षक से बात की तो उसने गालीगलौज और अभद्रता की। इतना ही नहीं, शिक्षक ने अपनी पहुंच ऊपर तक होने की बात कहते हुए धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पिता ने पुलिस से शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच मंगोली चौकी प्रभारी करेंगे जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ अंजना नेगी ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।