रामनगर के गर्जिया कलब लैब में लगी आग के बाद जला समान। संवाद
रामनगर (नैनीताल)। शॉर्ट सर्किट के चलते लगी आग से नगर की सबसे पुरानी फोटो लैब जलकर राख हो गई। हालांकि सूचना मिलने पर पहुंचे फायरकर्मियों ने आग को फैलने से रोका।
फायर विभाग के प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के गर्जिया कलर फोटो लैब में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। सूचना मिलते ही एक फायर यूनिट टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर लैब में लगी आग से 3 कंप्यूटर, 4 फैन, एसी, मॉनिटर आदि जलकर राख हो चुके थे। आग लगातार बढ़ रही थी जिस पर किसी तरह काबू पाया। दूसरी ओर दुकान स्वामी शिव सिंह रावत ने बताया कि लैब में रखे कंप्यूटर, डिजिटल कैमरे, एसी, फर्नीचर सहित फोटोग्राफी में इस्तेमाल होने वाला काफी कच्चा माल आग की भेंट चढ़ गया है। शुरुआती तौर पर करीब पांच से सात लाख के नुकसान का आकलन है।