नैनीताल। लोकसभा चुनाव को देखते हुए इन दिनों स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) व पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को टीम ने ज्योलीकोट क्षेत्र में कार सवार युवक के पास से दो लाख रुपये की नकदी बरामद की। धनराशि की जानकारी ना दे पाने पर नकदी सीज कर दी गई।
शनिवार की सायं ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य व एसएसटी की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कारों की तलाशी ली जा रही थी। तभी हल्द्वानी से पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार को रोका गया तो उसमें सवार युवक घबरा गया। तलाशी लेने पर कार से दो लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान युवक रकम के स्रोत व अन्य जानकारी नहीं दे सका। ऐसे में पुलिस ने रकम सीज कर दी। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि बेरीनाग पिथौरागढ़ निवासी किशोर सिंह कठायत के पास से मिली दो लाख की रकम को सीज किया गया है।