हल्द्वानी। वन विभाग की टीम ने शनिवार रात एक वाहन से सेमल के 510 नग बरामद किए हैं। इस दौरान वाहन चालक फरार हो गया। उधर वन विभाग ने वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कैंटर को सीज कर दिया है।
वन विभाग की छकाता रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार पंत ने बताया कि शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि सेमल की लकड़ी का अवैध रूप से चिरान कर यूपी से भीमताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद सितारगंज-हल्द्वानी मुख्य मार्ग पर डोलपोखरा में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और कैंटर को हल्द्वानी की तरफ भगा ले गया। वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा कर दानीबंगर गौलापार में वाहन को घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक वाहन को छोड़कर भाग गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सेमल की लकड़ी के 510 नग बरामद हुए हैं। वाहन को सीज कर हल्द्वानी रेंज कार्यालय में खड़ा कर दिया है। टीम में वन दरोगा धर्मपाल टम्टा, कविता भंडारी, रविंद्र पाल आदि शामिल रहे।