भवाली (नैनीताल)। तल्ला रामगढ़ में रविवार तड़के तीन बजे हल्द्वानी से अल्मोड़ा जा रहा कैंटर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। सुनसान सड़क होने से अंधेरे में हादसे का पता नहीं लग पाया। सुबह स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से घायल चालक को मल्ला रामगढ़ सीएचसी भेजा जहां डॉ. जिया रावत ने प्राथमिक उपचार किया।
कपिल कुमार (35) पुत्र टीका राम निवासी क्लेमेंट टाउन देहरादून से हल्द्वानी के बाद सुबह अल्मोड़ा जा रहा था। तल्ला रामगढ़ से पहले ब्रेक नहीं लगने से कैंटर खाई में जा गिरा। इससे चालक के कंधे और सीने में चोट आई हैं।
चालक कपिल कुमार ने बताया कि वह देहरादून से बीएसएनएल की बैटरी लेकर अल्मोड़ा जा रहा था। हल्द्वानी में भी सामान उतारा था। कहा कि उनके साथ क्लीनर भी था लेकिन वह घटना के बाद मौके पर नहीं था। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्लीनर वापस चला गया होगा। प्रभारी चिकित्साधिकारी गौरव कांडपाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
नैनीताल से लौट रही कार प्रिया बैंड के पास खाई में गिरी
कालाढूंगी। नैनीताल से लौट रहे सैलानियों की कार प्रिया बैंड के पास गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जसपुर के सैलानी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जसपुर ऊधम सिंह नगर के सैलानी अपनी कार से नैनीताल से लौट रहे थे। प्रिया बैंड के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार सवार जसपुर निवासी अमन सिंह पुत्र हरि सिंह, विकेंद्र पुत्र हरकेश, मीनाक्षी और एक अन्य बालिका घायल हो गई। वाहन को खाई में गिरते देख राहगीर मो. रज्जाक व अन्य लोगों कालाढूंगी पुलिस के साथ सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल पहुंचाया।