भीमताल (नैनीताल)। भीमताल की ग्राम पंचायत अलचौना के ताड़ा में नरभक्षी के भय के चलते क्षेत्र के किसान अपने खेतों में लगी पत्ता गोभी की फसल बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसान आनंदमणि भट्ट ने बताया कि क्षेत्र में नरभक्षी का भय बना हुआ है। खेत में लगाई पत्ता गोभी की फसल के बाजार नहीं जाने से नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेत में फसल खराब हो रही है। कुछ दिन पहले बाइक में पत्तागोभी का कट्टा रखकर भीमताल बाजार छोड़ आते थे पर अब बाइक में अकेले जाने में डर लगने लगा है। महिलाएं जंगल से चारा नहीं ला पा रही है जिससे पशुपालन का कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने वन विभाग से नरभक्षी को पकड़ने की मांग की है। संवाद
नरभक्षी के आतंक दिलाने की मांग
भीमताल भाजपा मंडल अध्यक्ष कमला आर्या के नेत्तृत्व में भाजपाइयों ने शनिवार को देहरादून में वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। उन्होंने वन मंत्री से भीमताल के ग्रामीण और नगर में घूम रहे नरभक्षी को पकड़कने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान मंडल महामंत्री योगेश तिवारी, कमलेश रावत, संदीप पांडे, पारस चंद्रा आदि रहे।
खनपका गांव में सुनाई दे रही तेंदुए के गुर्राने की आवाज
धारी ग्राम पंचायत दुदुली के खनपका में जिस जगह शनिवार को तेंदुआ पकड़ा गया है, उस जगह एक और तेंदुए के गुर्राने की आवाज़ सुनाई आने से लोगों में दहशत है। क्षेत्र के मोहन शर्मा, खीमानंद शर्मा, चंद्र बल्लभ शर्मा, शिव दत्त पांडे, दिनेश शर्मा, मोहन शर्मा, विपिन शर्मा, दयाल शर्मा आदि ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकनी ने बताया कि रविवार को उक्त जगह पर पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे।