रामनगर के धनगढ़ी नाले में जेसीबी की मदद से यात्रियों की बस को नाला पार कराते हुए।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। तेज बारिश से मंगलवार सुबह धनगढ़ी नाला उफान पर आ गया। बहाव थोड़ा कम होने पर चालक ने बस को पार कराने की कोशिश की लेकिन यह नाले में फंस गई। इससे बस में सवार 25 यात्रियों की सांसें थम गईं। जेसीबी की मदद से बस को नाले से पार कराया गया। इसके बाद पुलिसकर्मी बहाव को देखकर ही यात्रियों को नाले में वाहन ले जाने की अनुमति दे रहे थे।
मंगलवार सुबह नौ बजे के आसपास यात्रियों से भरी जेएमयू की बस रामनगर से चौखुटिया जा रही थी। धनगढ़ी नाले के उफान पर होने की वजह से बस कुछ देर रुकी। बहाव कम होने पर बस नाला पार करने लगी। इस दौरान नाले के बीच में बस फंस गई। इससे बस में सवार करीब 25 यात्रियों की सांसें थम गईं।
सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से नाले में फंसी बस को नाला पार कराया। धनगढ़ी नाले में कई हादसे हो चुके हैं। इसमें कई लोगों को जान गंवानी पड़ी है।