हल्दूचौड़। मुख्य बाजार स्थित एक कैफे के सामने युवकों के दो गुट भिड़ गए। इस दौरान एक युवक के तमंचा लहराने से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने युवकों की धरपकड़ शुरू कर दी है। झगड़े में दो युवक व एक युवती को चोट आई है।
पुलिस के अनुसार किच्छा निवासी दो युवक लालकुआं की दो युवतियों के साथ स्पार्टन कैफे आए थे। तभी वहा पहुंचे एक अन्य युवक ने युवती को पहचान लिया और उसके स्वजनों से शिकायत कर दी। इस पर वहां कुछ युवक पहुंच गए। किच्छा निवासी युवकों के कैफे से बाहर आते ही बाहर खड़े युवकों ने एक युवक को पीटना शुरू कर दिया। इस बीच किच्छा निवासी एक युवक ने तमंचा लहरा दिया जिससे बाजार में भगदड़ मच गई। डायल 112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। झगड़े में दो युवक और बीचबचाव कर रही एक युवती को चोटें भी आई है। मामले की सूचना मिलने पर सीओ संगीता, कोतवाल डीआर वर्मा हल्दूचौड़ चौकी पहुंच गए। चौकी इंचार्ज सोमेंद्र सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। कुछ युवकों से पूछताछ चल रही है। चोटिल युवकों का मेडिकल किया जा रहा है। पुलिस ने एक अवैध तमंचा बरामद किया है।