हल्द्वानी। बिजली की लाइनों पर टहनियां गिरने से रविवार शाम आपूर्ति ठप हो गई। इससे कालाढूंगी रोड बिजलीघर और काठगोदाम जीआईएस सब स्टेशन से जुड़े 20 हजार से अधिक उपभोक्ता परेशान रहे। रविवार शाम बारिश के दौरान नैनीताल रोड पर कालाढूंगी रोड चौराहा को जोड़ने वाली 33 केवी बिजली की लाइन पर टहनी गिर गई। इससे बिजलीघर से जुड़े स्टेशन रोड फीडर, कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड, गांधीनगर फीडर की आपूर्ति ठप रही। करीब घंटाभर बाद बिजली बहाल हो पाई। इसके अतिरिक्त काठगोदाम से गौलापार की हाइटेंशन लाइन पर भी टहनी गिरी। ग्रामीण डिविजन के लालकुआं बिजलीघर में भी विद्युतीकरण कार्य के चलते सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बिजली गुल रही।