फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital: सिपाहीधारा से लगी पहाड़ी से गिरे बोल्डर, 24 परिवार शिफ्ट; पत्थर गिरने से कार हुई क्षतिग्रस्त

Tue, 05 May 2026 09:58 AM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी

सार

नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में सिपाहीधारा पहाड़ी से गिरा विशाल बोल्डर कार पर आ गिरा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
नैनीताल के तल्लीताल में सिपाहीधारा के समीप की पहाड़ी से कार में गिरा बोल्डर। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नैनीताल शहर के तल्लीताल क्षेत्र में सोमवार शाम सिपाहीधारा से लगी पहाड़ी से आया विशाल बोल्डर नीचे खड़ी कार पर गिर गया। गनीमत रही कि कार में कोई मौजूद नहीं था। बोल्डर के कई टुकड़े नीचे गुफा महादेव मंदिर के समीप आवासीय क्षेत्र में भी गए। घटना से गुफा महादेव और कृष्णापुर क्षेत्र स्थित भवनों में रह रहे लोगों में दहशत है।

नगर के संवेदनशील बलियानाला के पास वीरभट्टी को जाने वाले मार्ग से लगा हुआ सिपाहीधारा का क्षेत्र है। सिपाहीधारा मंदिर से इस मार्ग को जोड़ने वाले सीसी मार्ग के ठीक ऊपर विशाल बोल्डर स्थित है जो बीते कुछ समय से संवेदनशील बना हुआ था। सोमवार शाम लगभग छह बजे विशाल चट्टान से बड़ा बोल्डर नीचे गिरा। इसकी आवाज से लोग डर गए थे। उनका कहना था कि काफी समय से वह इसकी सुरक्षा की मांग कर रहे थे लेकिन लोहे की जाली लगाने के बाद विशेषज्ञ को बुलाने की बात कर इसकी इतिश्री कर ली गई। अब बोल्डर के गिरने के बाद कभी भी चट्टान के गिरने का खतरा बना हुआ है। यहां पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट, पालिका सभासद सुरेंद्र कुमार, दिनेश जोशी, पंकज चौधरी, कमल बिष्ट, रजब भाई, मुख्तार अहमद आदि रहे। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि सूचना के बाद तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है।

सिंचाई विभाग की ओर से पूर्व में पहाड़ी की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा उपाय किए गए थे। बलियानाला में सुरक्षा कार्य चल रहे हैं। शीघ्र ही विशेषज्ञों के माध्यम से सर्वे आदि कराकर सुरक्षा की पहल की जाए।- डीके सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई

20 से अधिक लोगों ने मंदिर में ली शरण

नैनीताल। नगर के बलियानाला क्षेत्र में खतरनाक पहाड़ी से बड़ा बोल्डर गिरने से लोगों में दहशत है। सोमवार रात हुई घटना के बाद तीन-चार परिवारों के 20 से अधिक लोगों ने गुफा महादेव मंदिर में शरण ली है।

कृष्णापुर वार्ड में करीब चार हजार की आबादी रहती है जिस पर इस पहाड़ी से खतरा मंडरा रहा है। पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट ने बताया कि 30 वर्ष पहले भी इसी पहाड़ी से बोल्डर गिरा था। बीते आठ-दस वर्षों से सिपाहीधारा के समीप पहाड़ी में दरारें बढ़ रही थीं जो 2018 के भूकंप के बाद और गहरी हो गईं। सभासद सुरेंद्र कुमार ने कहा कि एक बोल्डर गिरने से अब पूरी पहाड़ी के खिसकने का खतरा बन गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा उपाय करने की मांग की। अधिवक्ता प्रदीप परगाई और दिनेश जोशी ने आशंका जताई कि पहाड़ी की सुरक्षा के दौरान ड्रिलिंग से यह और कमजोर हुई होगी। डॉ. अनिल मिश्रा का कहना है कि पास में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। तीन से चार परिवारों के 20 से अधिक लोगों ने मंदिर में शरण ली है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें