गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट के कलुवाबगड़ रोपा पुल के पास कोसी नदी किनारे नहाने गए दीपक कुमार (17) पुत्र भुवन चंद्र निवासी बिनकोट का शव एसडीआरएफ ने तीन दिन बाद शुक्रवार शाम चार बजे घटना स्थल से 50 मीटर दूर से बरामद किया। बेतालघाट के थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा गया है। शुक्रवार को एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम ने कोसी नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया था। काफी खोजबीन के बाद दीपक का शव घटना स्थल से 50 किमी दूर पड़ा मिला। दीपक का शव मिलने की सूचना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह 12वीं का छात्र था और उसकी तीन बहनें हैं। परिवार में इकलौते बेटे की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता भुवन चंद्र खेतीबाड़ी कर परिवार का खर्चा चलाते हैं।