नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी निजी महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है।
मंगलवार को कार्यकारी परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। विवि प्रशासन की ओर से इन महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बायोमेट्रिक प्रणाली का अनुपालन सही ढंग से हो रहा है या नहीं। कुलपति प्रो. डीएस रावत ने कहा कि नियमित उपस्थिति विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास की आधारशिला है। बायोमेट्रिक प्रणाली से पारदर्शिता और अनुशासन सुदृढ़ होगा। शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार भी आएगा। विवि का लक्ष्य है कि प्रत्येक छात्र समयनिष्ठ, उत्तरदायी और अनुशासित बने। विवि प्रशासन ने सभी निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से अपेक्षा की है कि वे इस व्यवस्था को शीघ्र लागू करें और छात्रों को नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करें। संवाद