किच्छा। रुद्रपुर से बहेड़ी दवा लेने जा रहे दंपती की बाइक को पुलभट्टा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में नवविवहिता की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
ग्राम बिहारीपुर तहसील मीरगंज जिला बरेली निवासी धर्मेंद्र रुद्रपुर के विवेकनगर ट्रांजिट कैंप में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। छह माह पहले उसका विवाह सोनम (24) निवासी बरेली के साथ हुआ था। मंगलवार सुबह दंपती दवा लेने के लिए बाइक से बहेड़ी जा रहे थे। पुलभट्टा के पास पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सोनम गंभीर रूप से घायल हो गई धर्मेंद्र को मामूली चोटें आईं। घायल सोनम को सीएचसी लाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर मृतका के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद