हल्द्वानी/रामनगर। कांग्रेस ने नीट में धांधली, दूध और टोल के दाम बढ़ाने को लेकर भाजपा सरकार का पुतला फूंका। साथ ही नीट में धांधली की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में एकत्र हुए। सभा में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि नीट में भारी अनियमितताओं के साथ अपनों को रेवड़ी बांटने का खेल चल रहा है। इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। प्रधानमंत्री को नीट परीक्षाफल धांधली प्रकरण में सीबीआई जांच करवानी चाहिए। यहां महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, हेमंत बगड़वाल, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, मुकुल बलुटिया, योगेश जोशी, हेमन्त साहू, जाकिर हुसैन आदि रहे। उधर, रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट में धांधली को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता फैजुल हक, डॉ. निशांत पपनै, ज़ुल्फ़कार, सद्दाम हुसैन, करीम सोनू, तनुज दुर्गापाल, सलीम, नूर मोहम्मद ख़ान, अमित कुमार आदि रहे।
एबीवीपी ने फूंका एनटीए का पुतला
हल्द्वानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को नीट परिणाम में हुई गड़बड़ी के विरोध में एमबीपीजी कॉलेज के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनटीए का पुतला जलाकर विरोध जताया और सीबीआई जांच की मांग की। यहां एबीवीपी के जिला संयोजक कौशल बिरखानी, छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज सिंह रमोला, मिनिकेत तोमर, दीपेंद्र कुल्याल, निश्चय, भूमिका लटवाल आदि रहीं।