देवखड़ी नाले में फिर बहा बाइक सवार
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में हाईडिल से कॉलटैक्स के बीच कैनाल रोड पर देवखड़ी नाला बुधवार देर रात करीब ढाई बजे फिर उफान पर आ गया। इस बीच वहां से गुजर रहा बाइक सवार नाले के तेज बहाव में बह गया। बाइक सहित वह नाले के किनारे लगाई रेलिंग से अटक गया। किसी तरह युवक जान बचाकर बाहर निकला।
बुधवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण एक बार फिर देवखड़ी से होकर बहने वाला नाला उफान पर आ गया। भारी बारिश के कारण नाले में आया पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा। इससे कैनाल से हाईडिल की ओर सड़क तालाब बन गई। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात करीब ढाई बजे एक युवक हाइडिल की ओर से कॉलटैक्स को आ रहा था। तेज बहाव में चल रहे नाले से दूरी पर पुलिस की गाड़ी खड़ी थी। बाइक सवार को आता देख पुलिस ने लाउडस्पीकर से कई बार रुकने के लिए कहा लेकिन युवक ने जल्दबाजी में नहीं सुनीं। नाले में दोपहिया डालते ही तेज बहाव के कारण वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। युवक बाइकसमेत बहते हुए नाले के दूसरी ओर रेलिंग पर जाकर अटक गया। युवक ने बाइक मौके पर छोड़ी और रेलिंग के सहारे बहार निकल आया।
पुलिसकर्मियों ने युवक को फटकार भी लगाई। इसके बाद वह पैदल ही घर चला गया। नाले में बहाव कम होने के बाद पुलिस ने बाइक को किनारे किया। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि हाइडिल की ओर बैरिकेडिंग भी लगाई हुई है, बावजूद दोपहिया सवार यहां से आ रहे हैं। रात में युवक खुद ही निकलकर घर को चला गया था। इसलिए नाम आदि जानकारी नहीं मिल सकी। बाइक को सुरक्षित निकाल लिया गया।