भीमताल (नैनीताल)। मेहरागांव में रविवार को जीवन वर्षा कला संगम समिति की ओर से भिटोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्य और कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत रहे। समिति सचिव प्रगति जैन ने बताया कि कुमाऊं में चैत्र माह में भी लड़कियों को मायके वाले अपनी क्षमता के अनुरूप भिटोली ( उपहार) देने की संस्कृति को चलाते आ रहे हैं। ज्योति साह ने भिटोली भिटोली की संस्कृति को जीवित रखने की अपील की। विधायक सरिता आर्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति के बारे में पता चलेगा। उन्होंने कहा कि भिटोली हर बेटी का हक है। कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि कुमाऊं में ऐसी सभ्यताओं और संस्कृतियों को जीवत रखना जरूरी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने को कहा है। कमिश्नर और विधायक ने महिलाओं को भिटोली के रूप में उपहार भेंट किए। इस दौरान समिति अध्यक्ष वर्षा आर्या, बीना भगत, पिंकी नायक, भावना मेहरा, मीनाक्षी बिष्ट, मीताली मेहरा, मीना बिष्ट, हेमा पढ़ालनी, कमला आर्या, खष्टी बिष्ट, रति बंसल सिंगल, गीता पाठक, भावना नौलिया, नितेश बिष्ट, नीरज रैकुनी, अखिलेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।