भीमताल (नैनीताल)। नगर पंचायत भीमताल का ओहदा बढ़ गया है। अब भीमताल नगर पालिका कहलाएगी। सोमवार को शासन से इसका शासनादेश जारी हो गया है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को शासनादेश जारी करने के लिए शहरी विकास सचिव आरके सुधांशु से मुलाकात की थी। सोमवार को शासनादेश जारी होने से अब भीमताल नगर क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी। विधायक ने कहा कि सीएम, शहरी विकास मंत्री और रक्षा राज्य मंत्री के सहयोग से भीमताल को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है।
कैड़ा ने कहा कि पालिका बनने के साथ नगर के विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृत होने के साथ भीमताल को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
इधर भीमताल नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया ने कहा कि नगर पालिका बनने से नगर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आएगी। चेयरमैन ने नगर पालिका बनने पर सीएम, शहरी विकास मंत्री, विधायक और सांसद का आभार जताया है।
भीमताल को पर्यटन की दृष्टि से मिलेगी नई पहचान
भीमताल। पालिका का शासनादेश जारी होने के साथ बजट में वृद्धि होगी और अधिकारियों, कर्मचारियों की तैनाती के साथ नगर क्षेत्र के विकास कार्याें में तेजी आएगी। भीमताल, नौकुचियाताल और सातताल को भी पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिलेगी। संवाद
1971 से सात नगर पंचायत अध्यक्ष संभाल चुके हैं कार्यभार
वर्ष 1971 से वर्ष 2023 तक नगर पंचायत भीमताल में सात नगर पंचायत अध्यक्ष अपना कार्यभार संभाल चुके हैं। 3 वार्ड से शुरू नगर पंचायत में वर्तमान समय में 9 वार्ड शामिल हैं। संवाद
नगर पंचायत में मिलता है 8.75 करोड़ वार्षिक बजट
नगर पंचायत भीमताल को वर्तमान में शासन से 8.75 करोड़ वार्षिक बजट विकास कार्यों के लिए मिलता है। इस बजट से नगर पंचायत कर्मियों, पर्यावरण मित्रों और विकास कार्यों में धनराशि खर्च की जाती है। संवाद
-
पालिका बनने से बजट, कर्मियों की वृद्धि के साथ विकास कार्य बढ़ेंगे
नगर पंचायत से पालिका बनने के बाद अब शासन से बजट में डेढ़ गुना वृद्धि होने से 12 करोड़ से अधिक वार्षिक बजट मिलने का अनुमान है। साथ ही पालिका में केंद्रीय सेवा पद अवर अभियंता 01, सहायक लेखाकार 01, पर्यावरण निरीक्षक 01, कर एवं राजस्व निरीक्षक 01, कनिष्ठ सहायक 01, कर संग्रहकर्ता 01, पर्यावरण पर्यवेक्षक 02, बहुउद्देशीय कर्मी 10, वर्क एजेंट 01 की नियुक्ति हो सकेगी। इसके साथ ही विकास कार्यों में तेजी आएगी। संवाद
कोट
- सीएम ने कैबिनेट बैठक में भीमताल को नगर पालिका का दर्जा दिया था। सोमवार को शासनादेश जारी होने से भीमताल वासियों की लंबे समय से चले आ रही मांग पूरी हो गई है। पालिका बनने से विकास कार्यों में तेजी आएगी। - राम सिंह कैड़ा, विधायक
- भीमताल को नगर पालिका बनाने पर सीएम, शहरी विकास मंत्री, सांसद और विधायक का आभार जताता हूं। पालिका बनने से कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ विकास कार्यों में तेजी आएगी। - देवेंद्र सिंह चनौतिया, नगर पंचायत अध्यक्ष, भीमताल
- नगर पालिका बनने से भीमताल के विकास कार्यों की तेजी आएगी। नगर को विकसित करने के लिए धरातल पर काम किया जाना होगा। ताकि भीमताल नगर पालिका भविष्य में उत्तराखंड राज्य के लिए नजीर बने। - लवेंद्र रौतेला, पूर्व सभासद