भीमताल (नैनीताल)। विकास भवन सभागार में बुधवार को शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक की। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भीमताल बाईपास की निर्माण संबंधी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भीमताल बाईपास के लिए 16 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। सिडकुल की बदहाल सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए सिडकुल के अधिकारियों से लोनिवि को सड़क को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव देने के लिए कहा। मल्लीताल बाजार से विनायक जाने वाले मार्ग पर 1.50 करोड़ की धनराशि से इंटरलॉकिंग टाइल्स का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। मंत्री ने उद्यान विभाग के अधिकारियों से किसानों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा देने और बीमे का पूरा क्लेम देने को कहा। पार्किंग का निर्माण भी जल्द पूरा करने, ब्लॉक रोड पर डामरीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स का निर्माण कार्य हरेले मेले से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, पंकज जोशी, नितिन राणा, अनिल चनौतिया, प्रदीप पाठक, दिनेश सांगुड़ी, नितेश बिष्ट, गोपाल कृष्ण भट्ट आदि मौजूद रहे।