ज्योलीकोट के समीप दोगड़ा गांव में स्थित राइंका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक बंशीधर भगत
ज्योलीकोट (नैनीताल)। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के दोगड़ा में विधायक बंशीधर भगत ने 310.97 लाख से रानीबाग से नैनीताल ब्रेवरी मोटर मार्ग पर बन रहे ज्योली स्टील गार्डर पुल का शिलान्यास किया। विधायक ने कारगिल शहीद मुकेश जीना राजकीय इंटर कॉलेज दोगड़ा में 22.56 लाख की लागत से दो कक्षा कक्षों का लोकार्पण भी किया।
राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विधायक भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराएं। कहा कि ज्योली पुल के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों के लिए 15 लाख, इंटर कॉलेज में निर्माण कार्य और फर्नीचर के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। प्रधानाचार्य भूपेंद्र बाफिला और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेंद्र नेगी ने कहा कि विधायक भगत स्कूल में सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। इस दौरान एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज रमोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश गौड़, दीपक सनवाल, शक्ति सिंह सूर्या, प्रताप सिंह जीना, ललित मोहन जीना, प्रधान दीपांशु जीना आदि रहे।