भीमताल (नैनीताल)। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश यादव ने प्रकृति जैव खाद्य समिति हरियाणा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जैविक उत्पादों का अधिक उत्पादन और किसानों को अधिक लाभ दिलाने पर चर्चा की गई।
डॉ. यादव ने कहा कि जिले में कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ खरीफ वर्ष 2024 में धान के क्षेत्रफल को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कहा कि जैविक बासमती धान के उत्पादन के लिए विकासखंड कोटाबाग, बेतालघाट, रामनगर, भीमताल और हल्द्वानी को चिह्नित किया है। किसानों को जैविक बासमती धान का उचित मूल्य दिलाने के लिए बासमती का पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल दाम तय किया है। कहा कि कंपनी ने इस वर्ष 250 मीट्रिक टन बासमती धान का मूल्य 4700 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सरकार ने 2183 रुपये प्रति क्विंटल की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान क्रय किया है। इससे किसानों को लगभग 2517 रुपये प्रति क्विंटल अधिक लाभ मिलेगा। कहा कि किसानों की फसलों को उचित मूल्य दिलाने के लिए कार्य किया जा रहा है। इस दौरान परियोजना प्रबंधक प्रतिनिधि रवि राजूरा, एलटी फाउंडेशन अध्यक्ष बहादुर सिंह बजवाल आदि रहे।