हल्द्वानी। कर्फ़्यू के बीच जिला प्रशासन ने बनभूलपुरा में दूसरे दिन सेक्टर एक, दो और चार में तीन घंटे की छूट दी। बुधवार को छूट के दौरान जगह-जगह लोगों की भीड़ जमा होने से बृहस्पतिवार को सभी सेक्टर में पुलिस गश्त को बढ़ाया गया, जिससे लोग भीड़ के रूप में इकट्ठा न हो सकें। लोग सड़कों पर न आ सके। इसके लिए सीपीयू और यातायात पुलिस को चोरगलिया रोड और बरेली रोड पर तैनात किया गया है। शुक्रवार से रमजान महीना शुरू होने के कारण एलआईयू और स्पेशल ब्रांच भी पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र की रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिससे रमजान में अगर छूट की सीमा को बढ़ाया गया तो किसी तरह की अराजकता क्षेत्र में न फैल सके। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर रमजान के लिए खरीदारी की। राशन, दवा और सब्जी की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ रही। पैरामिलिट्री फोर्स भी पूरे क्षेत्र में घूमकर गश्त करती रही।