हल्द्वानी। नगर निगम में आयोजित बैठक में हल्द्वानी विधानसभा के पोलिंग बूथ के लिए बूथ अवेयरनेस ग्रुप में बैणी सेना के सदस्यों को जोड़ा गया है। बैंणी सेना से जुड़ी महिलाओं को मतदाताओं को वोटिंग के लिए प्रेरित करने के लिए प्रशिक्षण के साथ-साथ जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराई गई।
एआरओ एपी वाजपेयी ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में पूर्व से ही बूथ अवेयरनेस ग्रुप का गठन भी किया था। मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए कार्ययोजना बनाने के क्रम में प्रत्येक बूथ के लिए बूथ इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए वर्ष-2019 व वर्ष-2022 के मत प्रतिशत के आधार पर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक आने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, तहसीलदार हल्द्वानी सचिन कुमार, ब्लॉक समन्वयक स्वीप मोनिका चौधरी मौजूद रहे।