फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: बाबुल...अब तुम्हारे घर का क्या होगा

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। हर माता-पिता का सपना होता है कि वह अपनी लाडो की शादी धूमधाम से करें। यह ख्वाब तो इंदिरानगर निवासी उस्मान और छोटी रोड निवासी शमीम बानो ने भी देखे होंगे। पर जिन घरों में बिटिया को विदा करने की तैयारियां धूमधाम से चल रही थीं, अब वहां घरौंदा बचाने की चिंता सताने लगी है। बेटियों के मन में भी बार-बार यही सवाल उठ रहा है कि जिस घर से उन्हें विदा होना है... क्या वह दोबारा उसे देख जाएंगी।
विज्ञापन

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बनभूलपुरा और आसपास के हजारों परिवारों के सिर से छत छिनने का खतरा मंडरा रहा है। कुछ ऐसे भी लोग हैं जिनके घर में शादी होने वाली है और अब ये परिवार इस असमंजस में हैं कि शादी की तैयारी करें या घर को बचाएं। इंदिरा नगर एक मीनार मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद उस्मान ने बताया कि उनकी बेटी रोशिना की शादी 27 दिसंबर को है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। मेहमान भी आने वाले हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे से पहले तक घर में खुशियों का माहौल था। यह इस परिवार की पहली शादी है। उस्मान ने बताया कि जैसे ही सुबह 11 बजे हाईकोर्ट के आदेश की सूचना आई तब से घर में चिंता का माहौल है। समझ में नहीं आ रहा कि अब शादी की तैयारी करें या घर को बचाने के लिए दौड़ लगाएं। उस्मान घर से जुड़े सभी कागजात इकट्ठा कर रहे हैं जिससे यदि कहीं भी कागज दिखाने का मौका मिले तो कागज दिखा सकें।
उस्मान ने बताया कि उनकी उम्र 49 साल हो गई है। उनकी पैदाइश यहीं की है। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया कि घर में तीन बेटे और एक बेटी है। शादी के लिए मैरिज हाल भी बुक हो चुका है। वहीं उनकी पत्नी शहाना भी चिंतित हैं। बताया कि ऐसा दिन देखना पड़ेगा, यह कभी नहीं सोचा था। सात दिन बाद क्या होगा किसी को कुछ नहीं पता।
विज्ञापन

चमन को शादी और घर की चिंता
हल्द्वानी। छोटी रोड वार्ड 31 निवासी चमन ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को उसकी शादी है। घर में उसके अलावा मां शमीम बानो है। बरेली से बरात आनी है। शादी के लिए मैरिज हॉल बुक हो गया है। घर में दो ही लोग हैं। चमन ने बताया कि परिवार ने बहुत मुश्किलों में दिन काटे हैं। अब जीवन का हमसफर मिल रहा है तो यहां का घर टूटने की चिंता सता रही है। उनकी मां शमीम ने बताया कि बहुत ही चिंता हो रही है। आसपास के लोग भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। किसी को समझ में नहीं आ रहा है।
कई शादियां होने वाली हैं, पता नहीं क्या होगा : शोएब
हल्द्वानी। अल फातिमा मैरिज हॉल के स्वामी शोएब ने बताया कि बनभूलपुरा और इंदिरानगर क्षेत्र के ज्यादातर लोगों को शादी के लिए मैरिज हॉल बुक करवाते हैं। बताया कि उनके मैरिज हॉल के अलावा अन्य भी कई मैरिज हॉलों में बुकिंग हैं। यहां कई शादियां होनी हैं लेकिन हाईकोर्ट के फरमान के बाद घरों के साथ ये मैरिज हॉल भी खतरे में आ गए हैं।
--------
बनभूलपुरा में चौराहों, चौपालों में एक ही चिंता, एक ही चर्चा
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र के घरों को लेकर जब से आदेश आया है। तब से ही यहां हर गली, नुक्कड़, चौराहों पर इसी बात को लेकर चर्चा है। हर किसी के पास सवाल है पर अब क्या होगा इसका जवाब किसी के पास नहीं। नई बस्ती में लोगों का कहना था कि सरकार हमारी तरफ देख ही नहीं रही है। इंदिरानगर में साहू धर्मशाला में रहने वालों ने बताया कि सभी गरीब लोग हैं। किसी के भी सिर से छत हटेगी तो उसका बहुत नुकसान होगा।
-------------
साल 1984 से यहीं पर रह रहे हैं। मेहनत की, मकान बनाया, पूरा परिवार यहीं रहता है। सब लोगों को मायूसी है कि उनका घर उजड़ सकता है। -नईम अहमद, इंदिरा नगर।
मैं ठेला लगाता हूं। मेरी पैदाइश यहीं की है। अब तो यही चिंता सता रही है कि अगले दिन क्या होगा। सरकार और कोर्ट मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखकर इंसाफ करे। -नाजिम, इंदिरानगर
किसी तरह घर चला रहे हैं। सरकार को हजारों लोगों की भी सुननी चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि वह हमारे लिए क्या कर रही है। -सविता साहू, निवासी, साहू धर्मशाला।
हम धर्मशाला में रहते हैं। पति सब्जी का ठेला लगाते हैं। कम किराए पर यहां रहने को मिल जाता है। बताया जा रहा है कि ये धर्मशाला भी रेलवे के नक्शे में है। -विमला देवी साहू, निवासी, साहू धर्मशाला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें