सर्पदंश से मारे गए युवक के बारे में जानकारी लेती महिला एसआई।
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर से पैतृक गांव सल्ट के देवायल गए छात्र की सांप के डसने से मौत हो गई। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रामनगर के ग्राम टेड़ा निवासी राहुल रावत (23) पुत्र स्व. हिम्मत सिंह रावत सोमवार सुबह सल्ट स्थित अपने पैतृक गांव देवायल गया था। देर रात सोने के दौरान उसके हाथ पर सांप ने डस लिया। राहुल के चिल्लाने पर आसपास सो रहे परिजनों ने जब लाइट जलाई तो वहां सांप दिखा। परिजन आननफानन राहुल को देवायल के अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। रात में ही परिजन उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर बाजपुर अस्पताल पहुंचे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि राहुल पीएनजी पीजी काॅलेज रामनगर में बीए का छात्र था। तीन भाई-बहनों में वह सबसे छोटा था। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद