भवाली (नैनीताल)। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं Aissee.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया 20 अक्तूबर से शुरू हो चुकी है। इस साल रक्षा मंत्रालय ने प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी नेशनल टेस्ट एजेंसी (एनटीए) को दी है। कक्षा छह में कुल 65 सीटों के लिए आवेदन किए जाएंगे। जिसमें 10 सीटें बालिकाओं की हैं। कक्षा नौ में 22 सीट रिक्त हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 19 नवंबर है। 10 जनवरी 2021 को प्रवेश परीक्षा होगी। उत्तराखंड में परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए हैं। कक्षा छह में प्रवेश पाने वालों के इच्छुक अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक होगी और कक्षा नौ के लिए परीक्षा सुबह 10 बजे से एक बजे तक होगी। स्कूल की प्रधानाचार्या कर्नल डॉ. स्मिता मिश्रा ने बताया कि 23 दिसंबर से बच्चे प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। संवाद