कालाढूंगी। शुक्रवार सुबह स्टेट बैंक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई कि जब एक बंदर के बच्चे को करंट लग गया। बच्चे को घायल देखकर बंदरों का झुंड आक्रामक हो गया और हाईवे पर जमकर उत्पात मचाने लगा। बंदरों के गुस्से के चलते छोटे वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही कई घंटे तक प्रभावित रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर के बच्चे को करंट लगने के बाद लोगों ने उसे उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास किया लेकिन झुंड में मौजूद बंदरों ने लोगों को दौड़ा दिया। बंदर इतने आक्रामक हो गए कि उन्होंने कई राहगीरों पर झपट्टा मारा। इस दौरान अकील पुत्र गुलाम नबी को बंदर ने घायल कर दिया। घटना के चलते जहां हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। बड़े वाहन तो किसी तरह निकलते रहे लेकिन छोटे वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को सड़क के दोनों ओर काफी देर तक रुकना पड़ा। बंदरों के आक्रामक व्यवहार के कारण कोई भी घायल बच्चे के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कालाढूंगी वन क्षेत्र के कर्मचारियों को दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने घायल बंदर के बच्चे को सुरक्षित उठाया और अपने साथ ले गए।