पतलोट। ओखलकांडा की ढोलीगांव ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को डॉक्टर, फार्मासिस्ट और कर्मचारियों के अनुपस्थित होने पर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया था। मंगलवार को सीएमओ डॉ रश्मि पंत ने मामले की जांच के लिए डॉ. गणेश धर्मशक्तू के नेतृत्व एक टीम ढोलीगांव भेजी। टीम को स्वास्थ्य केंद्र में तैनात नर्सिंग अधिकारी और फार्मेसी अधिकारी उपस्थित मिले। साथ उपस्थिति पंजिका और कर्मचारियों की तैनाती से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि दो नर्सिंग अधिकारी और एएनएम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में आयोजित बैठक में गए हुए थे। इसकी पुष्टि प्रभारी चिकित्साधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा और उपस्थिति पंजिका से की गई। साथ ही फार्मेसी अधिकारी सोमवार को अनुपस्थित थे और उनकी ओर से उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। अनुपस्थिति के संबंध में उनके ओर से कार्यालय को किसी प्रकार की पूर्व में सूचना नहीं दी गई थी। उक्त प्रकरण में फार्मेसी अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रभारी अधिकारी को अग्रिम आदेश तक फार्मेसी अधिकारी का छह जुलाई का वेतन जारी नहीं करने के लिए कहा गया है।