पहाड़पानी (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक में सोशल मीडिया पर ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली और पूर्व प्रमुख कमलेश कैड़ा की ओर से एक दूसरे पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बीडीओ ओखलकांडा के माध्यम से सीडीओ को ज्ञापन भेजा। शर्मा का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक दूसरे पर आरोप लगाने से समाधान नहीं होता है। पूर्व प्रमुख पर ओखलकांडा में सैनिटाइजर छिड़काव के मामले में घोटाला करने और रुवाली पर ब्लॉक के गेस्ट हाउस में शराब पीने समेत अन्य आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से बयानबाजी की जा रही है। शर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच और रिपोर्ट को जनता के बीच सार्वजनिक करने की माग उठाई। इस दौरान गजेंद्र सिंह बोरा, राजेंद्र सिंह बिष्ट, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।