कालाढूंगी। थाना क्षेत्र अंतर्गत चकलुवा के पास बृहस्पतिवार को बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें अल्मोड़ा निवासी युवक की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया अल्मोड़ा के डूंगरकोट निवासी ओम प्रकाश पुरोहित पुत्र पूरन चंद अपनी बाइक (यूके 07 बीएफ 5848) से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। शिव मंदिर के पास उसकी बाइक हल्द्वानी की ओर से आ रही बस (यूके 02 पीए 0025) से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद राहगीरों ने घायल को एसटीएस पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष के अनुसार युवक ने हेलमेट पहना था। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)