रामनगर (नैनीताल)। केंद्रीय वन और पर्यावरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि देश में एक बार फिर से मोदी सरकार बनेगी और विपक्ष का गठबंधन फेल होगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार के कामकाज से खुश है।
शनिवार को विश्व बाघ दिवस के मौके पर रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री चौबे ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने काम के दम पर आगे बढ़ रही है। कहा कि देश ने बाघ संरक्षण के पांच दशक पूरे किए हैं जो कि उपलब्धियों से परिपूर्ण हैं। पूरे विश्व के 75 प्रतिशत से अधिक बाघ भारत में मौजूद हैं। बाघों के संरक्षण और संवर्द्धन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए वन विभाग को हाइटेक उपकरणों से लैस किया गया है लेकिन जरूरत है अधिक सशक्त बनाने की।
मोदी ट्रेल बनाने का दिया आश्वासन
रामनगर (नैनीताल)। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने अपने मांग पत्र व ज्ञापन भी सौंपे। रामनगर के लोगों ने मंत्री अश्विनी चौबे से कॉर्बेट पार्क में मोदी ट्रेल बनाने की मांग रखी। उन्होंने मोदी ट्रेल की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, भीमताल राम सिंह कैड़ा, नैनीताल सरिता आर्या, यमकेश्वर रेणु बिष्ट, महानिदेशक वन सीपी गोयल, सदस्य सचिव एनटीसीए डॉ. एसपी यादव, आईजीएफ अमित मलिक, प्रमुख वन संरक्षक अनूप मलिक, समीर सिन्हा, कुमाऊं मुख्य वन संरक्षक पीके पात्रो, आईजी नीलेश आंनद भरणे, डायरेक्ट कॉर्बेट डॉ. धीरज पांडेय, राजाजी डॉ. साकेत बड़ोला सहित अन्य वन अधिकारी उपस्थित थे।