नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल में चल रही पंचम शेरेड स्मृति अंतर विद्यालय महिला फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। मेजबान ऑल सेंट्स कॉलेज ब्लू ने भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
मुख्य अतिथि कुर्मांचल बैंक के चेयरमैन व मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर के मैनेजर विनय साह रहे। विजेता टीमों को प्रधानाचार्या किरन जरमाया ने पुरस्कृत किया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की ट्रॉफी ऑल सेंट्स की नंदिनी बिष्ट के नाम रही। सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड गुरदृष्टि कौर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर हिमांशी ढींगरा रहीं।
इनके अलावा मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर का खिताब बबली गड़िया और दुआ स्पेशल अवार्ड सेंट जॉन्स स्कूल की आराध्या और किरन राणा को दिया गया।
डॉ. मनोज बिष्ट, बृजेश बिष्ट, पवन बिष्ट, अपूर्व बिष्ट, अनिल रावत और गौतम साह ने रेफरी रहे। वहां भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता, एनटीए और डीएसए के सचिव अनिल गड़िया, विक्रम रावत, गीता साह, आलोक साह आदि मौजूद रहे।