रामनगर (नैनीताल)। अल्मोड़ा सल्ट क्षेत्र के भकराकोट में चल रहे भारतीय वायु सेना के वार्षिक कमांडर सम्मेलन के तहत वायुसेना के अधिकारियों ने कॉर्बेट नेशनल पार्क रेंज में जंगल सफारी की। जंगल सफारी में बाघ के दीदार पर अधिकारी गदगद हो गए।
मंगलवार सुबह छह बजे वायुसेना के अधिकारियों का दल कॉर्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी रेंज के आमडंडा गेट पहुंचा। यहां सभी अधिकारी 22 जिप्सियों में सवार होकर जंगल सफारी के लिए निकल गए। आमडंडा गेट पर वायुसेना की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई थी। बिजरानी रेंज में चार घंटे जंगल सफारी करने के बाद वायुसेना के अधिकारियों का दल सुबह करीब 11 बजे जोन से बाहर आया और यहां से सभी सीधे कार्यक्रम स्थल भकराकोट चले गए। इस दौरान अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। कॉर्बेट प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि सोमवार को भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी व एयर मार्शल आरजीके कपूर ने कॉर्बेट पार्क के ढिकाला में रात्रि विश्राम किया। रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह ढिकाला में जंगल सफारी की। इस दौरान अधिकारियों को बाघ, हाथी, हिरण सहित अन्य वन्यजीव दिखाई दिए। कॉर्बेट पार्क की जैव विविधिता को देख अधिकारी काफी प्रभावित हुए। हालांकि इस दौरान उनके साथ कॉर्बेट पार्क के अधिकारी भी मौजूद रहे।
26 से 29 नवंबर तक अल्मोड़ा सल्ट क्षेत्र के भकराकोट के एक रिजॉर्ट में वार्षिक कमांडर सम्मेलन चल रहा है। इसमें भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी, एयर मार्शल आरजीके कपूर सहित भारतीय वायुसेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे हैं।