हल्द्वानी। उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से बगैर काम के अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। कहा कि यदि बहुत ही आवश्यक काम हो तभी घर से निकले। घर से निकलने के बाद भी विशेष रूप से सावधानी बरतें।एडीएम विवेक राय ने बताया कि डीएम के निर्देश के बाद जिलेभर में जहां-जहां नदी नाले हैं, वहां एसडीएम और पुलिस के स्तर से मुनादी कराई जा रही है। अतिवृष्टि को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि सभी लोग सतर्क रहें और जहां कहीं भी पानी का प्रवाह बढ़ रहा है, वहां न जाएं। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि के चलते रामनगर-भुजान-भंडारपानी और गर्जिया-घुतियातार मार्ग बंद था जिसे खोल दिया गया है। बताया कि नौ ग्रामीण सड़कें अभी बंद हैं। उन्हें खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।