भीमताल। मुख्य शिक्षाधिकारी केएस रावत ने शिक्षकों के लगातार भीमताल शिक्षा विभाग कार्यालय आने पर नाराजगी जताते हुए बीईओ, डिप्टी बीईओ और प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। सीईओ ने जारी आदेश में कहा है कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के सीईओ कार्यालय आने वाले शिक्षकों के खिलाफ वेतन रोकने समेत अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी उप शिक्षा अधिकारियों से छात्र हित में किसी भी शिक्षक को बिना अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के कार्यमुक्त नहीं करने के आदेश भी दिए हैं। कार्यमुक्त करने पर संबंधित अधिकारी उत्तरदायी होगा। सीईओ के इस फैसले को जिले में प्रारंभिक संवर्ग में शिक्षकों के हो रहे तबादलों के बाद शिक्षकों की ओर से की जा रही सिफारिशों से जोड़कर देखा जा रहा है। शुक्रवार को शिक्षा विभाग कार्यालय पहुंचे कुछ शिक्षकों को सीईओ ने चेतावनी देकर वापस भेज दिया।