फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो डालने वाले युवक को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में फेसबुक पर महिलाओं पर अश्लील कमेंट कसने के साथ ही उनके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो डालने वाले युवक को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार किया है। वह खुद को एक राजनीतिक दल का नेता बता रहा था।
हल्द्वानी कोतवाली की एसआई कुआशा शर्मा ने दर्ज प्राथमिकी में कहा कि दमुवाढूंगा निवासी रक्षित शर्मा ने तीन जनवरी को अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो जारी किया। इसमें वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में घूम रहा है। युवक वीडियो में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए राह चलती महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी कर रहा है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता ने बताया कि मामले बीएनएस की धारा 296 (सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकतें करने, अश्लील गीत गाने या ऐसे शब्द बोलने) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर रक्षित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी से पहले उसने पोस्ट हटा ली थी लेकिन उसका यह कृत्य समाज के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला था।