लालकुआं (नैनीताल)। ग्राम दुर्गापालपुर मोतीराम के उपभोक्ताओं को लंबे समय से झेल रही लो वोल्टेज की समस्या से अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बुधवार को ऊर्जा निगम की ओर से यहां 100 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की जगह 160 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या वर्षों से बनी हुई थी। घरेलू उपकरणों के सही ढंग से न चलने के साथ ही गर्मी के दिनों में समस्या और अधिक बढ़ जाती थी। ऊर्जा निगम के अनुसार नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह की कमी बड़ी चुनौती रही। काफी मशक्कत के बाद 160 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जा सका है। एसडीओ संजय कुमार का कहना है कि नए ट्रांसफार्मर के संचालन के बाद उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।