हल्द्वानी शहर में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। उन्हें पुलिस का बिल्कुल खौफ नहीं है। कोतवाली के ठीक सामने अज्ञात युवक ने पौड़ी निवासी यात्री को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया और चार लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को एसटीएच में भर्ती कराया। 24 घंटे बाद भी पुलिस की कार्रवाई केवल सीसीटीवी खंगालने तक सिमटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पौड़ी निवासी डिजिटल मार्केटिंग कर्मी विकास देहरादून में नौकरी करते हैं। शनिवार रात वह 9ः30 बजे देहरादून से चले और रविवार तड़के चार बजे हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंच गए। राहगीरों के अनुसार, बस से उतरते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने विकास के पीछे लग गया और पैसे मांगने लगा। विकास ने मना किया तो उसने चाकू निकालकर उनके पेट में घोंप दिया जिससे वह लहूलुहान हो गए और उनके हाथ से बैग छूट गया। आरोपी बैग लूटकर भाग गया।
कोतवाली के सामने वारदात होने के बावजूद विकास को पुलिस की कोई मदद नहीं मिली। आखिर राहगीरों ने ही किसी तरह उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद होश में आने पर विकास ने अपने परिचित कारोबारी सुनील को सूचना दी। पता चला कि बैग में करीब चार लाख रुपये थे जो सुनील को देने थे।
मामले की जांच की जा रही है, सुनील के भी बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। रोडवेज बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। -डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम, नैनीताल