हल्द्वानी शहर के मुखानी के छड़ायल नयाबाद स्थित चंद्रानगर कॉलोनी निवासी भागीरथी जोशी ने फतेहपुर स्थित नील पोखरा नंबर-2 निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने फरवरी 2024 से जुलाई 2025 के बीच प्रॉपर्टी कारोबार में निवेश और बैंक लोन दिलाने का भरोसा देकर मकान बिकवाने और उनके बैंक खाते पर 1.70 करोड़ का लोन दिखाने का आरोप लगाया है। वहीं धोखाधड़ी पूर्व सैनिक की पत्नी को बहन बनाकर अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस ने 29 सितंबर की रात मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले आरोपी से उनकी मुलाकात हुई थी। आरोपी शराब का कारोबारी था और उन्हें भरोसे में लेकर बहन बनाया। इसके बाद कारोबार बढ़ाने के लिए जमीन के दस्तावेज तीन माह के लिए मांगे। बदले में प्रत्येक माह 1.50 रुपये का भुगतान करने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि संपत्ति से संबंधित सभी दस्तावेज उन्होंने आरोपी को दे दिए। इसके बाद आरोपी ने बैंक लोन के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया। संपत्ति जल्द बंधक मुक्त होने का भी भरोसा दिलाया।
आरोप है कि कारोबारी भुवन चंद्र जोशी ने उनकी संपत्ति करीब 2.58 करोड़ रुपये में बेच दी साथ ही उनके नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन भी कागजों में दिखा दिया। आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से इस पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पीड़िता के दिए साक्ष्यों की जांच टीम कर रही है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।