हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात कुमाऊं रेंज की एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नशे के 190 इंजेक्शन बरामद किए। टीम ने बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 निवासी अदनान कुरैशी उर्फ खुजाट को भी गिरफ्तार किया। वहीं कार्रवाई का श्रेय लेकर एसटीएफ और नैनीताल पुलिस में होड़ मच गई। दोनों ने अपने-अपने प्रेस नोट में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता दी।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा में छापा मारा। आरोपी अदनान के पास से नशे के इंजेक्शन मिले। टीम ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद एसटीएफ की तरफ से एक प्रेस नोट जारी किया गया। इसमें एसपी एसटीएफ को प्राथमिकता देते हुए संयुक्त टीम की कार्रवाई बताया गया। वहीं मंगलवार को नैनीताल पुलिस के मीडिया सेल में एक दूसरा प्रेस नोट जारी किया गया। इसमें कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ का निर्देश बताते हुए श्रेय लिया गया। हालांकि दोनों प्रेस नोट जब सार्वजनिक हुए तो मुद्दा चर्चा का विषय भी बना रहा।