नैनीताल। उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जिले के युवाओं के लिए जापान और जर्मनी में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल की ओर से पात्र युवाओं को छह से आठ महीने का जापान और जर्मन भाषा के साथ व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। इस योजना के तहत जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट के पदों के लिए जीएनएम या बीएससी नर्सिंग पास 21 से 35 वर्ष के महिला व पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। जापान में एल्डरली केयर गिवर के लिए केवल 18 से 27 वर्ष की महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढि़या ने कहा सरकार की ओर से इस आवासीय प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को निशुल्क भोजन और रहने की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा कोर्स फीस में 20 फीसदी प्रतिशत और प्रशिक्षण लोन के ब्याज में 75 फीसदी छूट भी दी जाएगी। उन्होंने कहा अधिकारी जानकारी के लिए पात्र और इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय के हेल्पलाइन नंबरों (05942-236087, 7906023366, 9012013291) पर संपर्क कर सकते हैं।