नैनीताल। शहर के पुराने कूड़ाखड्ड के समीप स्थित जंगल क्षेत्र में लगातार फैल रहे कूड़े और प्लास्टिक ने पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। जंगल के भीतर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पॉलीथिन, पूजा सामग्री और घरेलू कचरा जमा होने से वन क्षेत्र की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की अनदेखी के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाने, कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। वन विभाग जल्द ही मौके का निरीक्षण करेगा और जंगल में फैले कूड़े को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।