हल्द्वानी। लाडली हत्याकांड और सीएम की सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर एसओ काठगोदाम राजेश यादव को हटाकर पुलिस आफिस से अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह हरिद्वार से आए नरेश चौहान को चार्ज दिया है। नरेश चौहान पहले भी एसओ काठगोदाम रह चुके हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजेश यादव पर गाज गिरना पहले ही तय था, मगर अधिकारी सिर्फ कुछ वक्त बीतने का इंतजार कर रहे थे। लाडली के थाने से कुछ ही दूरी पर मृत पड़े होने के बाद एसओ राजेश यादव पर लापरवाही के आरोप लगे थे। इसके बाद लगातार काठगोदाम क्षेत्र में कई दिनों तक खराब रही कानून व्यवस्था की स्थिति ने उनका जाना तय कर दिया था।