हल्द्वानी। ग्रेड वेतन और एरियर भुगतान के आश्वासन पर फार्मेसिस्ट मान गए। उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया।
बेस अस्पताल में 14 फार्मेसिस्ट कार्यरत हैं। उन्होंने सात अक्तूबर को वेतनमान को लेकर कार्यवाहक सीएमएस को एक ज्ञापन दिया था। फार्मेसिस्टों ने वेतन पुर्न निर्धारण करने और 31 दिसंबर 2013 से अब तक अवशेष एरियर का भुगतान करने की मांग उठाई। फार्मेसिस्टों ने तीन दिनों तक काले फीते बांधकर विरोध किया। मांग पर सुनवाई न होने से नाराज फार्मेसिस्टों ने बृहस्पतिवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष आरएस ऐरी ने कहा कि शनिवार को कार्यवाहक सीएमएस डॉ. एसएस भारद्वाज से वार्ता हुई थी। उन्होंने ग्रेड वेतन और एरियर का शीघ्र भुगतान करने का आश्वासन दिया। फिलहाल कार्य बहिष्कार वापस ले लिया गया।