नैनीताल। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पवार का कुमाऊं मंडल के विभिन्न पहाड़ी पर्यटक स्थलों के मुख्य प्रवेश स्थल हल्द्वानी के अनियोजित विकास तथा यहां प्राधिकरण के गठन के सवाल पर कहना है कि प्रदेश स्तर पर राज्य विकास प्राधिकरण का गठन कर लिया गया है। जिसके माध्यम से प्रदेश भर में शहरों को चिन्हित किया जा रहा है। चिन्हीकरण के बाद संबंधित शहरों में कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्राधिकरण की पहल की जाएगी। जिसका मुख्यालय राजधानी में होगा। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पवार के नगर आगमन पर बृहस्पतिवार को हमारे संवाददाता ने हल्द्वानी शहर के परिप्रेक्ष्य में संक्षिप्त वार्ता की। जमरानी बांध के ठंडे बस्ते में पड़े होने तथा शहर में पेयजल के लगातार बढ़ते संकट के सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित मामला केंद्रीय स्तर पर तय किया जाना है। प्रदेश व यूपी के बीच सिंचाई विभाग से संबंधित परिसंपत्तियों का बंटवारा न हो पाने से भी इसमें व्यवधान हो रहा है। शासन स्तर पर जमरानी बांध के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। देश भर के सफाई अभियान के मद्देनजर हल्द्वानी में कूड़ा निस्तारण के सवाल पर उन्होंने कहा कि सालेड वेस्ट मैनेजमेंट में इसके लिए 16 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृति हो चुकी है। एक ही सड़क पर बड़े व छोटे वाहन समेत रिक्शे, घोड़े, गधे के बेतरतीब संचालन के सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग इस समस्या के हल के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजें। विशेष योजना मद में प्रस्ताव स्वीकृत कराने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पूर्व हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए ठोस ढांचा तैयार किया जा रहा है। सफाई कर्मियों को पर्यावरण मित्र की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर सफाई के लिए प्रदेश में 1600 पर्यावरण मित्रों की भर्ती की जाएगी। वर्तमान में इनकी संख्या 3600 है।