हल्द्वानी। राजपुरा निवासी शिक्षक प्रकाश चंद्र कन्नौजिया की रसोई में गर्दन काटकर हत्या की गई थी। साक्ष्य छिपाने के लिए हत्यारों ने उसके सिर पर टायलेट क्लीनर उड़ेला था, जिससे उसकी गर्दन से लेकर मुंह तक नीला पड़ गया था। कंधे पर फफोले भी पड़ गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इन तथ्यों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटना की तह तक जाने के लिए शिक्षक के घर आने वाले तीन युवकों के बारे में जानकारी जुटा ली है। पता चला है कि शिक्षक के कमरे की चार लोगों के पास चाभियां रहती थीं। पुलिस टीम घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। 10 अक्तूबर को शिक्षक का शव उसकी रसोई में मिलने के बाद फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने दो दिन तक कमरे को खंगाला। जांच से पता चला कि शिक्षक ने चार लोगों के लिए चाय बनाई थी, लेकिन पीने से पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस को पता चला कि शिक्षक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। उसके कंधे से लेकर सिर तक टायलेट क्लीनर उड़ेला गया था, जिससे शरीर पर फफोले पड़े गए थे। आशंका है कि चेहरा जलाने के उद्देश्य से टायलेट क्लीनर डाला गया होगा। इस मामले में पुलिस ने घर की पुताई करने वाले कुसुमखेड़ा के रोहित से पूछताछ की। रोहित ने बताया कि वह तीन दिन पुताई करने के बाद शिक्षक से हिसाब कर चला गया था। पुताई करते समय शिक्षक के घर काफी लोग आए थे। पुलिस ने शिक्षक के गले की चेन, हाथ का कड़ा, मोबाइल और अलमारी से गायब जेवरात के बारे में पूछताछ की, लेकिन उससे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। किराएदारों ने बताया कि शिक्षक के कमरे के ताले की चार चाभियां थी। दो चाभी किराएदार रखते थे। घटना के बाद अंदर से किसने ताला बंद किया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। वैसे शिक्षक के दो मोबाइल के बारे में कॉल डिटेल मंगाई गई है। पुलिस ने मौके से टायलेट क्लीनर और नुवान की गोलियां भी बरामद की थी।