हल्द्वानी। बाजार में रामपुर रोड की शिक्षिका और वनभूलपुरा की महिला का पर्स उड़ा लिया गया। शिक्षिका के पर्स में सात हजार की नकदी, सोने की कानों की बाली, एटीएम कार्ड समेत कागज रखे। महिला के पर्स में सोने की चेन, कुंडल और 12 हजार की नकदी कागजात रखे थे। दोनों मामलों में पुलिस को तहरीर दे दी है। रामपुर रोड निवासी विनोद तिवारी की शिक्षिका पुत्री अर्चना दो दिन पूर्व बाजार में खरीददारी करने गई थी। अर्चना कारखाना बाजार स्थित एक दुकान में सामान खरीद रही थी। इसी बीच दुकान पर जेबकतरों ने उनका पर्स मार लिया। तिवारी जी ने मंगलपड़ाव चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इधर मंगलपड़ाव के दरोगा प्रताप सिंह नगरकोटी ने शिक्षिका के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है। उधर सोमवार शाम को वनभूलपुरा निवासी साइना बाजार में सामान लेने आई। इसी दौरान भीड़ में जेबकतरों ने उनका भी पर्स उड़ा लिया। साइना ने भी चौकी मेें तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।